
Hardoi News: जमीन विवाद में चली गोली, बाइक से जा रहे किसान को मारी गोली, हालत गंभीर
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। धरौली गांव के निकट बाइक से जा रहे एक किसान को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि अटवा गांव निवासी 55 वर्षीय बलविंदर सिंह रविवार शाम घरेलू कार्य से चक्की की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धरौली गांव के पास रास्ते में उन पर अचानक फायरिंग कर दी गई। गोली उनके सीने में लगने से वह सड़क पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल किसान के परिजनों का आरोप है कि यह हमला लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद का परिणाम है। परिवार का कहना है कि कई वर्ष पूर्व एक भूमि का बैनामा कराया गया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ था। इसी मामले को लेकर लगातार तनाव और कहासुनी होती रही। परिजनों का आरोप है कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। परिवार ने यह भी दावा किया कि लगभग एक वर्ष पूर्व खेत में काम करते समय भी बलविंदर सिंह पर हमला करने का प्रयास किया गया था और इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी।
उनका कहना है कि यदि उस समय सख्त कार्रवाई होती तो वर्तमान घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है।
