
Chandauli News:खड़े वाहनों पर चढ़ा कंटेनर, चंदौली में तीन लोग घायल
Chandauli News: चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रमऊरपुर गांव के समीप मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मजार के पास खड़े एक पिकअप और डंपर में पीछे से आ रही तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप और कंटेनर में सवार तीन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सुबह का वक्त था और नेशनल हाईवे-19 पर सर्विस लेन निर्माण न होने के कारण कुछ वाहन सड़क किनारे खड़े थे।बताया जा रहा है कि पिकअप और डंपर चालक चाय पीने के लिए वाहन खड़ा कर सड़क किनारे मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही कंटेनर ने नियंत्रण खो दिया और सीधे खड़े वाहनों में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप आगे बढ़कर डिवाइडर से जा टकराई और डंपर के बीच फंसकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिकअप चालक वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं इंदौर से आ रही कंटेनर में सवार चालक मनोज राय 35 वर्ष और सहायक चालक विनोद राय 25वर्ष भी केबिन में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कंटेनर में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नेशनल हाईवे-19 पर सर्विस लेन निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी देखा गया। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
