एटा में बड़ा हादसा टला: जलती हुई बाइक से कूदकर युवक ने बचाई अपनी जान

एटा में बड़ा हादसा टला: जलती हुई बाइक से कूदकर युवक ने बचाई अपनी जान

Etah News: जनपद के थाना मारहरा क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मारहरा-नदरई मार्ग पर एक चलती डिस्कवर बाइक अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि बाइक सवार युवक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला ब्रह्मपुरी निवासी राहुल सिसोदिया, जो कासगंज स्थित बजाज कंपनी में कार्यरत हैं, बुधवार रात ड्यूटी खत्म कर बाइक (UP 16 AZ 8327) से अपने घर मारहरा लौट रहे थे। जब वे मारहरा-नदरई मार्ग पर गांव कुँवादगंज मोड़ के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक बंद हो गई।

राहुल ने बाइक को दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश की, इसी दौरान वायरिंग से तेज चिंगारी निकली और कुछ ही पलों में बाइक ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बाइक देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। इस दौरान राहुल ने तुरंत बाइक से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और मारहरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

मारहरा थानाध्यक्ष के.के. लोधी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बाइक पुरानी थी और शॉर्ट-सर्किट के कारण वायरिंग में आग लगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। चालक की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन यह मामला पुराने वाहनों की समय-समय पर जांच और उचित रखरखाव की आवश्यकता की ओर गंभीर चेतावनी देता है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )