
Hardoi News: हरदोई में देर रात भीषणआग, इलेक्ट्रॉनिक-फर्नीचर शोरूम जलकर खाक, मचा हड़कंप
Hardoi News : हरदोई जनपद के साण्डी कस्बे में देर रात एक बड़े अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। मुख्य मार्ग पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर शोरूम में अचानक भयंकर आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही समय में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है, जब आसपास के लोगों ने आग की तेज लपटें उठती देखीं और तुरंत राहत एवं बचाव के लिए सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग सक्रिय हो गया।अलग-अलग फायर स्टेशनों से कुल पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी विकराल थी कि उसे काबू में करने के लिए दमकलकर्मियों को करीब चार घंटे तक लगातार संघर्ष करना पड़ा। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान और उससे जुड़ा गोदाम पूरी तरह जल चुका था।
शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह
दुकान के मालिक पुनीत वाजपेई को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब तक वे पहुंचे, तब तक सब कुछ आग में घिर चुका था। दुकान में रखे फ्रिज, कूलर, एसी, फर्नीचर, बेड, कुर्सियां और अन्य महंगे सामान पूरी तरह राख में तब्दील हो गए। इसके अलावा हाल की बिक्री की नकदी भी सुरक्षित नहीं बच सकी।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, हालांकि अंतिम आंकड़ा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फायर विभाग के अधिकारियों ने शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया है।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने समय पर दमकल पहुंचने को राहत की बात जरूर बताया, लेकिन नुकसान की भयावहता ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
+
