
Chandauli News: चहनियां में किराना दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान और नकदी जलकर राख
लोकेशन- चंदौली
संवाददाता- मिथिलेश गुप्ता
Chandauli News: परचून दुकान में भीषण आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख- चहनियां चंदौली चहनियां बाजार में स्टेट हाईवे पर स्थित अजय गुप्ता की किराना दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान और नगदी जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही बलुआ थाना अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
दुकान मालिक अजय गुप्ता रात 10 बजे दुकान बंद कर छत पर सोने चले गए थे। लगभग आधे घंटे बाद उनकी पत्नी अंजू गुप्ता को दुकान से कुछ आवाज सुनाई दी। जब तक वह चाबी ढूंढतीं, दुकान से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों और व्यापारियों की भीड़ इकट्ठा हो गई और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगी।
दुकान की चाबी काउंटर में होने के कारण शटर नहीं खुल पा रहा था। तत्काल जेसीबी मशीन बुलाकर शटर तोड़ा गया। ग्रामप्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने अग्निशमन दल और बलुआ पुलिस को आग लगने की सूचना दी। बलुआ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीछे से दीवार तोड़वा कर आस-पास लगे सबमर्सिबल पंपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
कुछ समय बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचकर आग पर काबू पाया। लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। अजय गुप्ता की पत्नी अंजू गुप्ता ने बताया कि दुकान में बिक्री के लिए रखे लाखों रुपये के सामान और नगदी जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित विजय गुप्ता, जो अपनी बड़ी बहन रिंकी गुप्ता को इलाज के लिए मुगलसराय लेकर गए थे, वापस लौटते समय उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में विजय गुप्ता और रिंकी गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष गुलाब साहू और भाजपा नेता आनंद सिंह ने व्यापारी को हुए नुकसान की भरपाई के लिए शासन से मांग की है।
