
Hamirpur News : शादी की खुशियां मातम में बदली, कुएं में गिरने से 7 वर्षीय मासूम की मौत
Hamirpur News :–हमीरपुर जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्यावारी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह के दौरान खेल रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची की कुएं में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद शादी वाले घर में शहनाइयों की गूंज चीख पुकार में बदल गई है।
डीजे के शोर में दबी मासूम की पुकार
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात गांव निवासी उपासना पुत्री कामता की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात जलालपुर थाना क्षेत्र के बरहरा गांव से आई थी। पूरे गांव में उत्सव का माहौल था और दूल्हा सुनील व बाराती डीजे की धुन पर नाचने में मशगूल थे। इसी भीड़भाड़ के बीच पास ही स्थित कुएं के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। परिजन घर पर सो रहे थे। अचानक मासूम घर से गायब हो गई परिजन का ध्यान बच्चों पर नहीं गया और खेल-खेल में 7 वर्षीय नैंसी पुत्री धर्मेंद्र अचानक कुएं में जा गिरी। शोर-शराबे के कारण किसी को भी बच्ची के गिरने की भनक तक नहीं लगी।
रात भर तलाश, सुबह मिला शव
जब काफी देर तक नैंसी का कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रात भर गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन मासूम का सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह जब मोहल्ले के लोग कुएं की ओर गए, तो वहां नैंसी का शव पानी में तैरता हुआ मिला। शव देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक नैंसी अपने माता-पिता की बड़ी बेटी थी, जबकि उसकी एक ढाई साल की छोटी बहन है। मासूम की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस मोहल्ले से बेटी की डोली उठनी थी, वहां इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
