
Etah News : एटा में 28 वर्षीय नव युवक ने पारिवारिक कलह के चलते घर में लगाई फांसी
Etah News : जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप नगर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक 28 वर्षीय नव युवक ने पारिवारिक कलह के चलते घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान विनीत पुत्र रामकिशोर (28 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनीत एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसका विवाह चार वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन पिछले एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और वापस नहीं लौटी। बताया जा रहा है कि पत्नी से चल रहे इसी लंबे विवाद और मानसिक तनाव के कारण विनीत काफी परेशान था।
विनीत अपने घर में अपनी 80 वर्षीय नानी और अन्य बुजुर्गों के साथ रहता था। मृतक के भाई विपिन कुमार ने बताया कि विनीत उनका छोटा भाई था और वह निजी नौकरी करता था पत्नी के साथ चल रहे झगड़ों ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया था, जिसके चलते उसने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलित करने के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
