Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज में तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी युवक की जिंदगी, घर में पसरा मातम

Sonbhadra News: रॉबर्ट्सगंज में तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी युवक की जिंदगी, घर में पसरा मातम

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां शनिवार को सामने आई दो दर्दनाक घटनाओं ने अलग-अलग परिवारों की खुशियां छीन लीं। रॉबर्ट्सगंज में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जो अपने दस दिन के नवजात बेटे का चेहरा देखने घर लौट रहा था। वहीं लोढ़ी टोल प्लाजा के पास बारातियों से भरी पिकअप पलटने की घटना में घायल युवक ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों हादसों के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है।

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बरवन गांव निवासी 23 वर्षीय नीरज कुमार शनिवार रात किसी काम से शहर आया था। उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और दस दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। पत्नी प्रसव के बाद मायके में थी, इसलिए नीरज अब तक अपने बच्चे को देख भी नहीं पाया था। परिवार वाले उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने सबकुछ बदल दिया।

बताया गया कि रात करीब दस बजे राजा साहब बगीचे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल फैल गया। नीरज डेकोरेशन का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। परिजन शव को सीधे घर ले गए और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा हुआ है।

वहीं उधर, लोढ़ी टोल प्लाजा के समीप 12 मई को हुए बारात हादसे ने एक और युवक की जान ले ली। बारातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई थी। उस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
गौरथरा ग्रामसभा के चनरी बांध पुरवा निवासी दिनेश कुमार उन्हीं घायलों में शामिल था, जिसका ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में फिर मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार शिक्कुमार गोंड के पुत्र अजय गोंड की बारात रामपुर बरकोनिया क्षेत्र के मगरदहां गांव गई थी। लौटते समय लोढ़ी टोल प्लाजा के पास पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे में पहले ही विनोद, अजय समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। अब दिनेश की मौत के बाद गांव में गम और गहरा गया है।
शनिवार शाम एंबुलेंस से शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। गांव के लोग भी इस हादसे से सदमे में हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने जनपद में तेज रफ्तार वाहनों और यातायात व्यवस्था को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )