
Meerut News: टीपी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में दो बदमाश दबोचे
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर की टीपी नगर थाना पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर चैन स्नैचरों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहीं सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि दोनों बदमाशों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, लूटी गई चेन का टुकड़ा और 29,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 21 अप्रैल को ट्रांसपोर्ट नगर के नंदन नगर इलाके में स्कूटी सवार महिला से चैन छीनने की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर नई बस्ती चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे तेज रफ्तार में भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल बदमाशों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन (36) और राशिद (32), निवासी ब्रह्मपुरी क्षेत्र के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने चैन स्नैचिंग की वारदात कबूल कर ली है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले से लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सौम्या अस्थाना ने बताया कि बदमाशों के नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इलाके में बढ़ती चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए अभियान जारी रहेगा।
