
Bengaluru Wall Collapse: भारी बारिश का कहर, बॉरिंग अस्पताल के पास दीवार ढही, 7 की जान गई
Bengaluru Wall Collapse: बेंगलुरु के बॉरिंग अस्पताल के पास भारी बारिश के कारण दीवार गिरने से 2 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हैं. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है और मामले में जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को बेंगलुरु के बॉरिंग अस्पताल के पास स्थित मोर्चरी क्षेत्र में एक कंपाउंड की दीवार गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दर्दनाक हादसे में अब तक कुल 7 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा हादसे में 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीएम सिद्धारमैया ने किया मुआवजे का एलान
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना स्थल की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि बेंगलुरु प्रशासन ने उस क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडर्स (रेहड़ी-पटरी वालों) को अपना सामान बेचने की अनुमति दी थी, जिसके कारण बारिश के दौरान वहां काफी लोग मौजूद थे। दीवार गिरने की वजह से ये लोग मलबे की चपेट में आ गए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।
कर्नाटक सरकार करवाएगी मामले की जांच
सिद्धारमैया ने सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में किसी भी अधिकारी या व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन राहत कार्य और मलबे को पूरी तरह साफ करने में जुटा हुआ है।
