
Hardoi News: हरदोई में रेल विकास को लेकर ज्ञापन, चार लाइन ट्रैक की मांग तेज
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को स्थानीय मुद्दों को लेकर एक अहम पहल देखने को मिली, जब मुरादाबाद मंडल की डीआरयूसीसी के सदस्य नवीन अग्रवाल स्थानीय नागरिकों के साथ स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा और वाणिज्य निरीक्षक अंबुज मिश्रा को रेल मंत्री के नाम संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हरदोई स्टेशन और जनपद के समग्र रेल विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।नवीन अग्रवाल ने अपने मांग पत्र में हरदोई से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक के विस्तार और उसे “फोर लेन” (चार लाइन) किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उनका कहना था कि बढ़ते यातायात दबाव और यात्रियों की संख्या को देखते हुए मौजूदा रेलवे ढांचा पर्याप्त नहीं रह गया है। ऐसे में शाहजहांपुर-हरदोई-लखनऊ रेलखंड को चार लाइनों में विकसित किया जाना जरूरी है, ताकि ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से हो सके और देरी की समस्या कम हो।इसके अलावा ज्ञापन में हरदोई स्टेशन पर आधुनिक और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसमें विशेष रूप से वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों का स्टॉपेज दिए जाने का आग्रह किया गया है।
नवीन अग्रवाल ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि हरदोई की देश के बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। उन्होंने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि जनपद हरदोई तेजी से औद्योगिक क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। कई बड़ी कंपनियां यहां अपने प्लांट स्थापित कर रही हैं या करने की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में बेहतर और तेज परिवहन सुविधाएं समय की मांग बन चुकी हैं। रेल नेटवर्क के सुदृढ़ होने से उद्योगों को भी सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जब नरेंद्र मोदी स्वयं हरदोई के महत्व को रेखांकित कर चुके हैं, तो इस जनपद को बड़ी रेल परियोजनाओं में शामिल किया जाना चाहिए। इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सकती है।इस पहल के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। सभी ने एक स्वर में हरदोई के रेल ढांचे को मजबूत करने की मांग को उचित ठहराया। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन और केंद्र सरकार इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं।
