
Bulandshahr News: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए दो बदमाश, अस्पताल में भर्ती
Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर जनपद के सिकंद्राबाद क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल बदमाशों की पहचान जोखाबाद सिकंद्राबाद निवासी यश भाटी और फरीदपुर थाना सिकंद्राबाद निवासी गगन के रूप में हुई है। दोनों बदमाश 6 मई को हुई फायरिंग की वारदात में वांछित चल रहे थे।
दोस्त ही निकले कातिल
पुलिस के अनुसार, 6 मई को सिकंद्राबाद हाईवे स्थित कैप्टन होटल एंड रेस्टोरेंट पर एक बड़ी वारदात हुई थी। यहां खाना खा रहे प्रशांत यादव और रोबिन को फोन कर होटल के बाहर बुलाया गया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पीड़ितों के ही दोस्त यश भाटी और गगन निकले, जिसके बाद से दोनों फरार चल रहे थे।
जवाबी फायरिंग में दो घायल
रात सिकंद्राबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह और स्वाट टीम प्रभारी संदीप कुमार की टीम गुलावठी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर ही गिर पड़े।
इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपी 48 घंटे पहले हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
