
Chandauli News: चंदौली जनपद में पैसेंजर ट्रेन में फायरिंग की घटना से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
Chandauli News: चंदौली जनपद में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में अचानक गोली चलने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही पलों में पूरे डिब्बे का माहौल खौफ में बदल गया और यात्री दहशत में इधर-उधर भागने लगे। यह सनसनीखेज वारदात कुछमन स्टेशन से आगे इब्राहिमपुर और दरियापुर गांव के बीच की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन में सफर के दौरान पहले कुछ युवकों के बीच तेज बहस जैसी आवाज सुनाई दी। यात्री जब तक कुछ समझ पाते, तभी अचानक गोली चलने की तेज आवाज से पूरा डिब्बा दहल उठा। गोली लगते ही एक युवक लहूलुहान होकर सीट के पास गिर पड़ा। घटना को देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी सीट छोड़कर सुरक्षित जगह तलाशने लगे, जबकि कुछ लोग डर के कारण अपनी जगह पर ही बैठे रहे।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक के सिर में बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया और युवक के शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों संदिग्ध युवकों के पास पिट्टू बैग था और वे काफी देर से ट्रेन में मौजूद थे।
सकलडीहा स्टेशन के पहले ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही दोनों आरोपी चलती ट्रेन से नीचे कूद गए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद यात्रियों ने तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई। मुगलसराय जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं अलीनगर, चंदौली और सकलडीहा थाने की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं। हालांकि इस संबंध में जीआरपी मुगलसराय से बात करने की कोशिश की गई लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया।
