
Akhilesh Yadav on UP Cabinet Expansion: “नौ साल में कुछ नहीं किया, अब मंत्री क्या करेंगे?” — अखिलेश का योगी सरकार पर तंज
Akhilesh Yadav on UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में रविवार शाम को होने वाले योगी मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करारा तंज किया है। उन्होंने यूपी कैबिनेट विस्तार को लेकर कई सवाल खड़े किये है। सपा अध्यक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव से पहले आखिरी नौ महीनों में ये मंत्री ऐसा क्या लेंगे। जब नौ साल की ये सरकार कुछ भी न कर सकी। ये मंत्री भी केवल वही काम करेंगे जोकि भाजपा सरकार ने किया है। रविवार को होने वाले यूपी मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर यूपी की सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार पर करार वार किया। उन्होंने बिना किसी का नाम लिये कहा कि वो तो बहुत पुराने ठग हैं।
अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल के विस्तार पर जनता के विचार और सवाल। उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियाँ हैं, इससे ज़्यादा तो दूसरे दल से पाला बदल कर आए लोग हैं, क्या उन सभी को मंत्री पद से नवाज़ा जाएगा? क्या उनमें से सबसे कमज़ोर को चुना जाएगा जिससे कि उसकी कमज़ोरी कुछ कम हो जाए? एक समाज के कई विधायकों में से किसी एक को चुना जाएगा तो चुनने का आधार क्या होगा? अगर ऐसा हुआ तो बाक़ी दल-बदलुओं का क्या होगा?
अखिलेश यादव ने लिखा कि उनकी उपेक्षा व अपमान को क्या कुछ ले-देकर शांत करा जाएगा? या उन्हें भी ये अहसास करा दिया जाएगा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है? बाक़ी छूटे हुए लोग क्या अपने को ठगा सा महसूस नहीं करेंगे? वो अपने चुनाव क्षेत्र में मुँह दिखाने लायक बचेंगे क्या? इसके अतिरिक्त प्रश्न ये भी है कि उनके अपने दल के जो लोग मंत्री बनने के इंतज़ार में सूखकर काँटा हो गये हैं, उन बेचारों का क्या होगा? जिन वर्तमान मंत्रियों के विभाग कम किये जाएंगे तो क्या इससे जनता के बीच ये संदेश नहीं जाएगा कि वो नाकाम रहे, इसलिए उनसे मंत्रालय छीन लिया गया है? ऐसे मंत्री तो बिना लड़े ही क्या अपना चुनाव हार नहीं जाएंगे? साथी दलों को प्रतीक्षा के स्थान पर और कुछ मिलेगा या फिर उनको ये कहकर उपेक्षित कर दिया जाएगा। भ्रष्टाचार और अत्याचार!पीडीए पर वार-ही-वार! महंगाई-बेकारी की मार! ये जीना कर देंगे दुश्वार !
