
Bahraich news: नेशनल हाईवे पर आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, एक कार जलकर खाक
Bahraich news: थाना फखरपुर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर स्थित रुकनापुर बाजार के निकट दो कारों में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार आग का गोला बन गई और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। इस दौरान हाफिज शफीउद्दीन, हाफिज इस्लामुद्दीन और हाफिज शहीदुद्दीन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर आग लगी कार व अन्य वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म में सिखाया गया है कि दुख के समय में बिना जाति-धर्म देखे लोगों की मदद करनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार, एर्टिगा कार में सवार घायल यात्रियों की पहचान जितेंद्र लाल पुत्र रघुराई प्रसाद, मिथिलेश पुत्र रामदेव, अमोल्या कुशवाहा पुत्री अशोक कुशवाहा, मीना कुशवाहा पत्नी अशोक कुशवाहा एवं अगम्य सिंह पुत्री उमेश सिंह, सभी निवासी बहराइच के रूप में हुई है।
वहीं, आग की चपेट में आई कार में दो लोग सवार थे, जिनमें एक घायल की पहचान रुद्र प्रताप पुत्र ठाकुर प्रसाद निवासी बाराबंकी के रूप में हुई है। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार हेतु कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सूचना मिलते ही कुंडासर चौकी प्रभारी पी.एन. पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच में जुट गए। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
