
Bijnor News: शादी के 50 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में शादी के महज 50 दिन बाद एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने उसके पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव शिवपुरी निवासी कन्हैया सिंह ने अपनी 22 साल की बेटी सोनम की शादी 30 अप्रैल को चांदपुर के मोहल्ला काजीजादगान निवासी टीकाराम के साथ की थी। परिजनों का कहना है कि विवाह के दौरान उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सभी व्यवस्थाएं की थीं और दहेज में भी पर्याप्त सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और शादी के बाद से ही सोनम को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका की मां लक्ष्मी देवी का आरोप है कि शादी के करीब 15 दिन बाद ही सोनम के पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई की थी।
परिवार के मुताबिक पति को इस बात पर आपत्ति थी कि सोनम अपने जीजा से फोन पर बात कर रही थी। उस समय सोनम ने अपनी मां को फोन कर पूरी घटना की जानकारी भी दी थी। परिजनों का कहना है कि इसके बाद से लगातार उसे परेशान किया जाता रहा और उस पर तरह-तरह के आरोप लगाकर अपमानित किया जाता था।
आरोप है कि इसी उत्पीड़न के चलते पति और उसके परिजनों ने सोनम को जहरीला पदार्थ खिला दिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग चांदपुर पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई। सोनम के पिता कन्हैया सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति टीकाराम और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
