FIFA World Cup 2026: 11 जून से शुरू होगा इतिहास का सबसे बड़ा फीफा वर्ल्ड कप, पहली बार उतरेंगी 48 टीमें

FIFA World Cup 2026: 11 जून से शुरू होगा इतिहास का सबसे बड़ा फीफा वर्ल्ड कप, पहली बार उतरेंगी 48 टीमें

FIFA World Cup 2026: अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में 11 जून से फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होगी। यह पहला ऐसा वर्ल्ड कप होगा, जिसमें 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा लेंगी। फीफा के सेक्रेटरी जनरल मैटियस ग्राफस्ट्रॉम ने मंगलवार को बताया कि इस वर्ल्ड कप की तैयारियां सही ट्रैक पर हैं। चीन के दौरे पर मैटियस ग्राफस्ट्रॉम ने कहा, “तैयारियां बहुत अच्छी चल रही हैं। हम बहुत उत्साहित हैं। टूर्नामेंट शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन शेष हैं। मुझे लगता है कि 48 टीमों वाला यह पहला वर्ल्ड कप बहुत सफल रहेगा, जिसमें 16 और टीमों को वर्ल्ड कप का अनुभव लेने का मौका मिलेगा।”

इस बढ़े हुए फॉर्मेट से उम्मीद है कि ज्यादा देशों को फुटबॉल के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा, खासकर एशिया, अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका के देशों को। हालांकि, इससे मुकाबलों की कुल संख्या में भारी इजाफा, खिलाड़ियों पर वर्कलोड और टूर्नामेंट के कुल संतुलन को लेकर बहस भी छिड़ गई है। ग्राफस्ट्रॉम का मानना है कि अधिक देशों के शामिल होने से फुटबॉल के विकास पर लंबे समय तक गहरा असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा, “किसी देश पर, उसके ग्रासरूट फुटबॉल पर, प्रोफेशनल स्तर पर और फैंस पर वर्ल्ड कप के असर को मापना सचमुच बहुत मुश्किल है। हम अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में इस टूर्नामेंट को देखने के लिए बहुत उत्सुक हैं। यह बहुत रोमांचक होने वाला है। मुझे पूरा यकीन है कि यह पूरी दुनिया में, और जाहिर है चीन में भी, फुटबॉल के प्रति जबरदस्त जुनून पैदा करेगा।”

चीन के नेशनल फुटबॉल यूथ ट्रेनिंग सेंटर के दौरे पर, ग्राफस्ट्रॉम ने चीन की पांच-स्तरीय यूथ एकेडमी प्रणाली की भी तारीफ की, जिसमें राष्ट्रीय, क्षेत्रीय, शहरी और काउंटी स्तर शामिल हैं। उन्होंने कहा, “चीन इतना बड़ा देश है, आपके पास राष्ट्रीय केंद्र है, लेकिन आपको इन क्षेत्रों में भी काम करने की जरूरत है, और शहरों और काउंटियों में भी। मैं इस तरह का ढांचा तैयार करने के लिए चीनी फुटबॉल एसोसिएशन और चीन की सरकार को बधाई देना चाहता हूं।”

ग्राफस्ट्रॉम ने उम्मीद जताई है कि चीन की युवा टीमें फीफा टूर्नामेंट के लिए ज्यादा नियमित रूप से क्वालीफाई करेंगी। उन्होंने कहा, “चीन ने कल अंडर-17 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है, और आज रात पुरुषों की अंडर-17 टीम का एक बड़ा मैच होगा। अब हमारे पास हर साल अंडर-17 विश्व कप होता है, लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए। मुझे लगता है कि यह बच्चों को प्रेरित करने का भी एक शानदार जरिया है, क्योंकि उन्हें हर साल वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने का मौका मिलता है। इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि चीन को वहां देखेंगे, लड़कों और लड़कियों दोनों को। जाहिर है, हम सीएफए के साथ मिलकर यहां खेल के विकास पर नजदीकी से काम करेंगे और निवेश भी करेंगे। हम इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं। यही हमारी यात्रा का मुख्य कारण है।”

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )