Lucknow news: लखनऊ में युवती की हत्या से हड़कंप, घर से निकली थी ऑफिस के लिए, नहीं लौटी वापस

Lucknow news: लखनऊ में युवती की हत्या से हड़कंप, घर से निकली थी ऑफिस के लिए, नहीं लौटी वापस

Lucknow news: लखनऊ में सगाई के चार दिन बाद एक लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। लड़की घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह 8 बजे उसका शव सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के जंगल में मिला। राहगीरों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी। इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के बाद लाश फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में मॉर्च्यूरी भिजवाया और शिनाख्त शुरू की। इस बीच सोमवार को दोपहर के वक्त जब परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे, तब पुलिस ने उन्हें लाश की तस्वीर दिखाई। मां ने तस्वीर देखकर बेटी शिवानी सिंह (22) की शिनाख्त की।

परिजनों ने बताया- शिवानी की चार दिन पहले यानी 14 मई को सगाई हुई थी। 17 मई (रविवार) को सुबह 10 बजे घर से निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। हमें चिंता हुई तो तलाश शुरू की। जब कहीं कुछ पता नहीं चला तो पुलिस के पास गए। वहां एक लाश मिलने की बात बताई गई। तस्वीर देखी तो पैरों तले जमीन खिसक गई।

14 मई को हुई थी सगाई, घर में चल रही थीं तैयारियां

शिवानी अपने माता-पिता और 19 साल की छोटी बहन के साथ एल्डिको उद्यान, रक्षा खंड में किराए के मकान में रहती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। मां गीता (39) घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती हैं, जबकि दीपू (42) शटरिंग का काम करते हैं। परिजनों के मुताबिक, शिवानी की 14 मई को प्रकाश नाम के लड़के से सगाई हुई थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था।

ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकली थी

मृतक शिवानी की मां गीता सिंह ने बताया कि बेटी एक रियल एस्टेट कंपनी के ऑफिस में काम करती थी। रविवार को घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकली थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। बाद में पुलिस के पास पहुंचे तो मौत की खबर लगी।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया– शव की पहचान होने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस लड़की की कॉल डिटेल, घर और दफ्तर के आसपास सीसीटीवी फुटेज, आखिरी लोकेशन के आधार पर सुराग जुटा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारण साफ नहीं हो सके हैं। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )