
Sitapur News: 72 घंटे में मनोज शुक्ला हत्याकांड का खुलासा, नर्स समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; 50 हजार की सुपारी देकर कराई थी हत्या
Sitapur News: महमूदाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने मनोज शुक्ला हत्याकांड का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता महिला (नर्स) समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे, 12,500 रुपये नकद, एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, हत्या की रकम से खरीदा गया नया पोको मोबाइल, एक पुराना मोबाइल तथा मृतक की पासपोर्ट साइज फोटो बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना महमूदाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड का सफल अनावरण किया।
गिरफ्तार आरोपी
जय देवी उर्फ जया पत्नी स्वर्णिम कुमार वर्मा, निवासी सांड़भारी, थाना मोहम्मदपुर खाला, बाराबंकी (मुख्य साजिशकर्ता, नर्स)
राजू पुत्र गनी जुलाहा, निवासी खड़ेहरा, थाना मोहम्मदपुर खाला, बाराबंकी (मुख्य आरोपी)
विनोद कुमार वर्मा पुत्र राम भरोसे, निवासी विहूरा, थाना मोहम्मदपुर खाला, बाराबंकी (सह-अभियुक्त)
ऐसे हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 की शाम बरदही बाजार के पास मनोज शुक्ला की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद ली। पहले मुख्य साजिशकर्ता जय देवी को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद घेराबंदी कर राजू और विनोद को भी दबोच लिया गया।
50 हजार की सुपारी देकर कराई हत्या
पूछताछ में मुख्य आरोपी राजू ने बताया कि जय देवी फतेहपुर स्थित न्यू हिन्द हॉस्पिटल में नर्स के रूप में कार्यरत है। मृतक मनोज शुक्ला कथित रूप से अस्पताल और जय देवी के विरुद्ध लगातार शिकायतें कर रहा था तथा नौकरी से निकलवाने की धमकी देता था। इससे परेशान होकर जय देवी ने मनोज शुक्ला की हत्या के लिए राजू को 50 हजार रुपये की सुपारी दी और उसकी फोटो उपलब्ध कराई।
योजना के अनुसार 3 जुलाई की रात राजू और विनोद ने बरदही बाजार के पास मनोज शुक्ला को रोककर डंडों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने व्हाट्सएप पर वॉइस मैसेज भेजकर काम पूरा होने की सूचना दी और जय देवी से 30 हजार रुपये प्राप्त किए। शेष 20 हजार रुपये बाद में देने की बात तय हुई थी। इसी रकम में से 12,500 रुपये का नया मोबाइल खरीदा गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। इस सफल खुलासे में थाना महमूदाबाद पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लोकेशन -महमूदाबाद, सीतापुर
रिपोर्टर -उत्तम कुमार गुप्ता
