Meerut News: मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत से हड़कंप, हॉस्टल की छत से गिरकर गई जान

Meerut News: मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत से हड़कंप, हॉस्टल की छत से गिरकर गई जान

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के गंगानगर स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गर्ल्स हॉस्टल की छत से गिरकर एक छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान अनु गुप्ता के रूप में हुई है, जो एमबीए सेकेंड ईयर की छात्रा बताई जा रही है। वह मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। छात्राओं और स्टाफ के बीच अचानक हुई इस घटना से सभी स्तब्ध रह गए।

हॉस्टल के नीचे मिला खून से लथपथ शव

जानकारी के मुताबिक यह घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल के नीचे बने जिम के बाहर छात्रा खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। हॉस्टल में काम करने वाली एक मेड ने सबसे पहले शव देखा और तुरंत अन्य छात्राओं को सूचना दी। सूचना फैलते ही हॉस्टल में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में छात्राएं मौके पर जमा हो गईं। कुछ ही देर में कॉलेज प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे है –

सूचना मिलने पर गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार छात्रा सिर के बल नीचे गिरी थी, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। चोट इतनी गंभीर थी कि प्रारंभ में पहचान करना भी मुश्किल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है कि यह आत्महत्या है, हादसा है या किसी अन्य कारण से जुड़ा मामला।

सीसीटीवी और पूछताछ से खुलेंगे राज

पुलिस हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा छात्रा के साथ रहने वाली अन्य छात्राओं और हॉस्टल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी।

यूनिवर्सिटी में शोक और तनाव का माहौल

घटना के बाद आईआईएमटी यूनिवर्सिटी परिसर में शोक और तनाव का माहौल है। छात्राओं और अभिभावकों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )