
Etah News : एटा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर लगाए हत्या के आरोप
Etah News : उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगला रूपी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और मृतिका के मायके वाले तुरंत मौके पर पहुंच गए। मायके पक्ष के लोगों ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या करने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है।
डेढ़ साल और दो महीने की हैं दो मासूम बेटियां
मृतिका की पहचान कीर्ति देवी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका विवाह वर्ष 2023 में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पंकज के साथ हुआ था। पंकज नोएडा में एक निजी नौकरी करता है। मृतिका के भाई प्रशांत और पिता वीरेश ने बताया कि कीर्ति की दो छोटी बेटियां हैं—डेढ़ साल की किट्टू और महज दो महीने की लाली। परिजनों का आरोप है कि बेटा न होने के कारण ससुराल वाले और पति कीर्ति को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे और उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी।
पिता का दावा: ‘पीटकर फंदे से लटकाया’
मृतिका के पिता वीरेश ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को बेरहमी से पीटने के बाद फंदे से लटकाया गया है। उन्होंने बताया कि जब वे सूचना पाकर गांव पहुंचे, तो उनकी बेटी का शव वहां नहीं था, बल्कि उन्हें बाद में पोस्टमार्टम गृह में शव देखने को मिला। दुखी परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) जलेसर, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह प्रभारी निरीक्षक अवागढ़ अखिलेश दीक्षित पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वहां का बारीकी से निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि जब पुलिस टीम पहुंची, तब तक शव को परिजनों द्वारा नीचे उतारा जा चुका था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के असली और सही कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
