Etah News: एटा में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

Etah News: एटा में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां थाना पिलुआ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला इमलिया में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव उसके घर के अंदर कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतिका की पहचान अंकिता (पत्नी अन्नू) उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं इस घटना के बाद से गांव में हड़कंप मच गया है और घटना की सूचना पर पहुंचे मृतिका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

तीन वर्ष पहले हुआ था विवाह

मिली ​जानकारी के अनुसार, अंकिता का विवाह करीब तीन वर्ष पहले हुआ था। वहीं सोमवार की सुबह जब परिजनों ने घर के अंदर अंकिता के शव को फंदे से लटका देखा, तो घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत अंकिता के मायके पक्ष और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मायके वाले भी रोते-बिलखते नगला इमलिया पहुंच गए।

​पुलिस की कार्रवाई

वहीं ​मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सदर) संकल्प दीप कुशवाहा और थाना प्रभारी संदीप सिंह राणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

​परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतिका अंकिता के भाई बबलू यादव ने ससुराल पक्ष पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। बबलू का कहना है कि घटना से पहले अंकिता के पति और देवर के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अंकिता के साथ गाली-गलौज की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

मामले की तहकीकात में जुटी पुलिस

​थानाध्यक्ष पिलुआ संदीप सिंह राणा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )