
Hardoi News: हरदोई में ट्रेनों के ठहराव को लेकर बढ़ी नाराजगी, रेलवे पर उठे सवाल
Hardoi News: हरदोई जिले में रेलवे सुविधाओं को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। जिले से कई बार सांसद चुने गए वरिष्ठ भाजपा नेता जयप्रकाश रावत द्वारा हरदोई रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों, व्यापारियों और रेल यात्रियों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पत्रों और चर्चाओं के बाद यह मुद्दा अब जनसामान्य के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, सांसद जयप्रकाश रावत ने रेल मंत्रालय और रेल मंत्री के समक्ष हरदोई रेलवे स्टेशन पर लखनऊ-देहरादून वंदे भारत, वाराणसी-मेरठ सिटी वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी। इसके अलावा मोतिहारी-पोरबंदर, आनंद विहार-लखनऊ डबल डेकर, संगम नगरी और अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग भी लगातार की गई थी। सांसद का कहना था कि हरदोई का धार्मिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व काफी बड़ा है, लेकिन इसके बावजूद वर्षों से यहां किसी नई प्रमुख ट्रेन का ठहराव नहीं दिया गया।
वायरल पत्र के बाद बढ़ी चर्चा
हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पत्र ने इस मुद्दे को और तूल दे दिया। वायरल पत्र में दावा किया गया कि फरवरी और मार्च महीने में शाहजहांपुर के सांसद की मांग पर रेल मंत्री ने लखनऊ-देहरादून वंदे भारत ट्रेन के शाहजहांपुर स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी। इसके बाद हरदोई के लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि जब आसपास के जिलों में सांसदों की मांग पर ट्रेनों के ठहराव दिए जा रहे हैं, तो हरदोई की अनदेखी क्यों की जा रही है।
व्यापारियों और यात्रियों में नाराजगी
जनपद के व्यापारियों, छात्रों और रेल यात्रियों का कहना है कि हरदोई जैसा बड़ा जिला लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं का इंतजार कर रहा है। लोगों का मानना है कि जिले के वरिष्ठ सांसद की मांगों को गंभीरता से न लेना स्थानीय जनता की भावनाओं की अनदेखी है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कुछ लोगों का कहना है कि यदि आने वाले समय में हरदोई को रेल सुविधाओं में प्राथमिकता नहीं मिली, तो इसका असर राजनीतिक माहौल पर भी पड़ सकता है। फिलहाल जिले में रेल मंत्रालय और केंद्र सरकार की कार्यशैली को लेकर असंतोष साफ दिखाई दे रहा है और लोग हरदोई रेलवे स्टेशन को बेहतर सुविधाएं मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
