UP Weather News: यूपी में मौसम का अचानक बदला मिजाज, आंधी-बारिश ने मचाई भारी तबाही

UP Weather News: यूपी में मौसम का अचानक बदला मिजाज, आंधी-बारिश ने मचाई भारी तबाही

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच सोमवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और राजधानी लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जबकि गोंडा में ट्रांसफार्मर तक जमीन पर आ गिरा। तेज आंधी के चलते कई जिलों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई और लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा।

सबसे दर्दनाक हादसा सीतापुर में हुआ, जहां आंधी के दौरान दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और तीन बच्चे घायल हो गए।

लखनऊ में आधी रात चली तेज आंधी, कई इलाकों की बिजली गुल

यहां राजधानी लखनऊ में देर रात तेज आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।

बताया जा रहा है कि आंधी की रफ्तार करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं। वहीं गोमतीनगर, चिनहट, अर्जुनगंज, इंदिरा नगर और आसपास के बड़े इलाकों में बिजली गुल हो गई।

वहीं रात करीब 10:30 बजे लोगों के मोबाइल फोन पर मौसम खराब होने का अलर्ट भी आया था, जिसकी काफी चर्चा रही। इसके कुछ देर बाद करीब सवा 11 बजे अचानक तेज आंधी शुरू हो गई।

वहीं आंधी के बाद इंदिरा नगर, गोमती नगर विस्तार, अयोध्या रोड, उतरेटिया और अर्जुनगंज समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी।

वहीं कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इस आंधी और हल्की बारिश से मौसम में कुछ राहत भी महसूस की गई। यहां इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा था।

सीतापुर में दीवार गिरने से महिला की मौत

वहीं सीतापुर जिले के पिसावां इलाके में तेज आंधी के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और तीन बच्चे घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि पिसावां क्षेत्र के मऊ खुर्द गांव में सोमवार रात सकील अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी के बीच निर्माणाधीन दीवार भरभराकर गिर गई।

वहीं इस दीवार के मलबे में सकील, उनकी पत्नी किस्मत जहां और बच्चे अमन बेग, अहद बेग और समद बेग दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।

वहीं घटना के बाद घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने किस्मत जहां को मृत घोषित कर दिया। वहीं सकील की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्चों अमन, अहद और समद का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

गोंडा में सौ साल पुराना बरगद गिरा, मवेशियों की मौत

वहीं गोंडा में भी तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। कोतवाली देहात क्षेत्र के हरखापुर ग्राम पंचायत स्थित बिरसिंहपुर बालक पुरवा में सौ साल से अधिक पुराना बरगद का पेड़ अचानक गिर पड़ा।

जिसके बाद पेड़ की चपेट में आने से सगे भाइयों गंगा राम और हरि शंकर के मवेशी दब गए। हादसे में एक भैंस और एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी घायल हो गए।

इस बाबत ग्रामीणों ने बताया कि बरगद के नीचे करीब डेढ़ दर्जन मवेशी बंधे हुए थे। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह पेड़ की डालियां हटाकर घायल पशुओं को बाहर निकाला।

वहीं इसकी सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक डॉ. राजीव तिवारी मौके पर पहुंचे और घायल पशुओं का इलाज शुरू कराया। बताया गया कि हरखापुर निवासी कृष्ण चंद दूबे की दो गायें भी पेड़ गिरने से घायल हुई हैं, जबकि लौव्वा टेपरा निवासी आनंद दूबे की गाय पर पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे वह भी घायल हो गई। वहीं पीड़ित पशुपालकों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की भी मांग की है।

सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिरे, कई इलाकों में अंधेरा

वहीं गोंडा के बेलसर, नवाबगंज और वजीरगंज इलाके में आंधी-तूफान के कारण सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। जहां बेलसर-गोंडा मार्ग पर चांदपुर विजयनगर के पास सड़क पर बड़े-बड़े पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। लोगों को लंबा रास्ता घूमकर जाना पड़ा।

यहां तेज आंधी इतनी भयानक थी कि कई जगह ट्रांसफार्मर और बिजली के पोल जमीन पर गिर गए। बेलसर, वजीरगंज, नवाबगंज और टिकरी समेत कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। सड़कों पर जगह-जगह पेड़ गिरे होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक सरकारी अमला मौके पर नहीं पहुंचा था।

रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से रातभर रुकी मालगाड़ी

वहीं नवाबगंज क्षेत्र में तेज आंधी के कारण रेलवे ट्रैक पर भी पेड़ गिर गए, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया। मनकापुर की ओर से अयोध्या धाम जा रही मालगाड़ी संख्या 12सी किशुनदासपुर और पर्वती गांव के पास अचानक रुक गई। रेलवे ट्रैक पर भारी पेड़ गिरने के कारण मालगाड़ी करीब आठ घंटे तक बीच रास्ते में खड़ी रही।

वहीं मंगलवार सुबह तक रेलवे ट्रैक पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका था। सूचना मिलने के बाद रेलवे विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक से पेड़ हटाने का काम शुरू किया गया। कटरा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर संतोष त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:30 बजे तेज आंधी के चलते रेलवे लाइन पर पेड़ गिर गया था, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ और मालगाड़ी को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। सड़क मार्गों पर भी जगह-जगह पेड़ गिरने से राहगीरों और वाहन चालकों को पूरी रात परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )