
Chandauli News: चंदौली में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां मानसिक रूप से अस्वस्थ 21 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की मां एक अस्पताल में कार्य करती हैं और घटना के समय वह ड्यूटी पर गई हुई थीं। वहीं युवती के पिता मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर थे। घर पर उनकी 21 वर्षीय बेटी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान रिश्ते में चचेरे भाई लगने वाला एक युवक घर में घुस गया और युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता की मां ने तत्काल अलीनगर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराने सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछ ताछ किया जा रहा है और मामले की सभी कानूनी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। मेडिकल के लिए पीड़िता को भेजा गया है। मेडिकल के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
