
Hapur News : कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर छात्रा को पिलाया, मेरठ अस्पताल में हुई मौत
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिम्भावली थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने कथित तौर पर 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। हालत बिगड़ने के बाद छात्रा को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मेरठ के अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि इलाके में लोगों के बीच भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
आठवीं कक्षा में पढ़ती थी मासूम छात्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका छात्रा मात्र 15 वर्ष की थी और आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के मुताबिक छात्रा बेहद शांत स्वभाव की थी और नियमित रूप से स्कूल जाती थी। परिवार का आरोप है कि गांव का रहने वाला युवक विवेक काफी समय से छात्रा पर गलत नजर रखता था और उससे एकतरफा प्यार करता था। परिजनों ने बताया कि आरोपी कई बार छात्रा का पीछा करता था और उससे बातचीत करने का दबाव बनाता था। परिवार द्वारा विरोध करने और समझाने के बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं। धीरे-धीरे उसका जुनून खतरनाक रूप लेता चला गया।
बहाने से पिलाई कोल्ड ड्रिंक, बिगड़ गई हालत
परिवार का आरोप है कि, आरोपी विवेक ने योजना बनाकर छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ ही देर बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे उल्टियां होने लगीं और हालत गंभीर होती चली गई। परिजन घबराकर छात्रा को तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए मेरठ रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार उसे मेरठ के अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया।
कई दिनों तक जिंदगी से लड़ती रही छात्रा
जिसके बाद मेरठ के अस्पताल में छात्रा कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती रही। परिवार के लोग लगातार उसकी सलामती की दुआ करते रहे, लेकिन आखिरकार उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। वहीं जैसे ही छात्रा की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही सिम्भावली पुलिस हरकत में आ गई। सिंभावली थाना पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक विवेक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीओ स्तुति सिंह का बयान
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने कहा कि, छात्रा की मौत के मामले में आरोपी युवक विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ देने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग
वहीं इस घटना के बाद हाजीपुर गांव में भारी आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी छात्रा को परेशान करता था। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई और बेटी इस तरह की वारदात का शिकार न बने।
