
Lucknow CJP Protest: लखनऊ पहुंचे अभिजीत दीपके, ईको गार्डन में छात्र आंदोलन को देंगे धार
Lucknow CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके लखनऊ पहुंच चुके हैं। टीम इंडिया की टी-शर्ट पहनकर पहुंचे अभिजीत दीपके आज राजधानी के ईको गार्डन में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे। यहां प्रदर्शन को अनुमति मिलने के बाद छात्र आंदोलन को लेकर हलचल और तेज हो गई है। यहां ईको गार्डन में छात्रों का जुटान शुरू हो गया है और ये जन आंदोलन अब धीरे-धीरे आकार लेने लगा है।
ईको गार्डन में प्रदर्शन को मिली अनुमति
लखनऊ में आयोजित हो रहे इस प्रदर्शन को पुलिस की ओर से अनुमति दे दी गई है। ईको गार्डन में कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा पेपर लीक और छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दे हैं। यहां प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी प्रमुखता से उठाई जा रही है।

सुबह से जुटने लगे छात्र
ईको गार्डन में सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र पहुंचने लगे हैं। प्रदर्शन स्थल पर छात्रों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। छात्र विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं और सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने की बात कह रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। ईको गार्डन और उसके आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
छात्रों ने बनाई CJP पार्टी से दूरी
प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका कॉकरोच जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उनका कहना है कि वे अपनी मांगों और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। छात्रों का कहना है कि वे शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने के लिए यहां पहुंचे हैं।
CJP को अलग से नहीं मिली प्रदर्शन की अनुमति
हालांकि प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक मौजूद हैं, लेकिन जानकारी के अनुसार कॉकरोच जनता पार्टी को अलग से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है। इसके बावजूद पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके लखनऊ में मौजूद हैं और उनके भी ईको गार्डन पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
लगातार बढ़ रही भीड़
ईको गार्डन में लोगों का पहुंचना लगातार जारी है। बड़ी संख्या में छात्र और अन्य लोग प्रदर्शन स्थल की ओर रुख कर रहे हैं। पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे इस प्रदर्शन पर पूरे दिन सबकी नजरें बनी हुई हैं। फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
