
Lucknow Flight Bomb: लखनऊ-दिल्ली इंडिगो उड़ान पर बम की धमकी, टेकऑफ से पहले रोका गया विमान, जांच में जुटीं एजेंसियां
Lucknow Flight Bomb: राजधानी लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में शुक्रवार को बम होने की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह फ्लाइट सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। उड़ान से ठीक पहले मिली इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और एहतियातन विमान को रोक दिया गया।
क्रू को मिली थी संभावित खतरे की जानकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के क्रू को विमान में संभावित बम होने की सूचना मिली थी। अलर्ट मिलते ही विमान को एप्रन पर ही रोक लिया गया और सुरक्षा कर्मियों ने जांच अभियान शुरू कर दिया
सुरक्षा के मद्देनजर विमान के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य क्षेत्रों की भी गहन जांच की गई। अधिकारियों ने किसी भी तरह का जोखिम लेने के बजाय पूरी प्रक्रिया को सावधानी के साथ आगे बढ़ाया।
टॉयलेट में मिला था संदिग्ध संदेश
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विमान के टॉयलेट के अंदर एक टिश्यू पेपर मिला था, जिस पर “बम” लिखा हुआ था। इसी संदेश के मिलने के बाद विमान में बम होने की आशंका जताई गई और यात्रियों तथा अधिकारियों के बीच हलचल बढ़ गई। हालांकि बाद में यह सूचना फर्जी साबित हुई और जांच के दौरान किसी भी प्रकार का बम या अन्य हानिकारक सामग्री विमान में नहीं मिली।
जांच में नहीं मिला कोई खतरनाक पदार्थ
वहीं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई विस्तृत जांच के दौरान विमान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विमान में किसी तरह का खतरनाक पदार्थ नहीं मिला है। इसके बावजूद मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी और सुरक्षा संबंधी अन्य प्रक्रियाएं जारी रखी गई हैं।
उड़ान में हुई देरी
वहीं बम की सूचना मिलने के बाद शुरू हुई जांच और सुरक्षा प्रक्रिया के कारण फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी। खबर लिखे जाने तक विमान ने उड़ान नहीं भरी थी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टॉयलेट में मिला संदेश किसने लिखा और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।
