
Lucknow News: अलीगंज में धधका कोचिंग संस्थान, आग पर काबू पाने में जुटा फायर विभाग, आसपास का इलाका खाली कराया गया
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बेहद व्यस्त और भीड़भाड़ वाले अलीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पुरनिया इलाके के ‘उषा मेहता मार्ग (B/2, सेक्टर-डी)’ पर अवैध रूप से संचालित हो रहे एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड के बाद पूरी बिल्डिंग काले धुएं और ऊंची लपटों की चपेट में आ गई, जिससे इलाके में भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
दुकान से भड़की आग, ऊपर चल रहे प्राइवेट कोचिंग में फंसे छात्र
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक दुकान से हुई थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे ने तब और खौफनाक मोड़ ले लिया जब आग और जहरीला धुआं ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया, जहाँ एक प्राइवेट कोचिंग संस्थान गैर-कानूनी तरीके से संचालित हो रहा था। आग लगने के वक्त कोचिंग के अंदर कई छात्र-छात्राएं और स्टाफ मौजूद थे, जो नीचे उतरने का रास्ता बंद होने के कारण वहीं फंस गए।
जान बचाने के लिए छज्जे से कूदे बच्चे
चारों तरफ से धधकती आग और घुटते दम के बीच जब बच्चों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझा, तो उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए इमारत की खिड़कियों, छज्जों और छत से नीचे छलांग लगानी शुरू कर दी। सड़क पर खड़े स्थानीय लोगों ने जब मासूम बच्चों को ऊपर से कूदते देखा तो उनकी रूह कांप गई। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया और खुद भी राहत कार्य में जुट गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान, दिए कड़े निर्देश
लखनऊ में हुए इस भीषण अग्निकांड की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने आपदा की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
दमकल और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाएं। हादसे में घायल हुए सभी लोगों और छात्रों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनका उत्तम और समुचित उपचार कराया जाए। जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर रहकर राहत कार्यों की निरंतर निगरानी करें। प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और प्रभावित क्षेत्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुःख जताते हुए, धुएं और चोट के कारण घायल हुए सभी नागरिकों और बच्चों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर, आसपास का इलाका कराया गया खाली
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस और फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। आग की भयावहता को देखते हुए और किसी बड़ी अनहोनी को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों और दुकानों को तुरंत खाली करा लिया गया है। हाइड्रोलिक क्रेन और सीढ़ियों की मदद से दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और इमारत के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के काम में जुटे हुए हैं।
