
Siddharthnagar News: बस और बाइक की भीषण टक्कर, 13 वर्षीय किशोर समेत दो युवकों की मौके पर मौत
Siddharthnagar News: भवानीगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवानीगंज थाना क्षेत्र के खुनखुन चौराहे के पास रात लगभग 10 बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की एक बस से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार समीर पुत्र मुस्तकीम (13 वर्ष) और शाकिब पुत्र फजलेरब (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में तीसरा युवक शोएब पुत्र मुस्तफा (17 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवां पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक तकीयवा कंचनपुर गांव के निवासी थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर का परिणाम मानी जा रही है। इस हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
