
Mirzapur News: मुख्यमंत्री ने विंध्यधाम में मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की
रिपोर्ट- शीतला प्रसाद बिंद
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद स्थित विंध्याचल धाम में मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी देवी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के विंध्य कॉरिडोर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद किया तथा उन्हें चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने विंध्य प्रसादम स्टॉल पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया तथा विंध्य ब्रांड के अंतर्गत तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।
इसके बाद अष्टभुजा निरीक्षण गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित नए विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्ताव तत्काल प्रशासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए प्रस्तावित कार्यों को 15 जुलाई तक स्वीकृत किया जाएगा तथा 15 अगस्त तक उनके लिए धनराशि भी जारी कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मिर्जापुर नगर एवं विंध्यनगरी की सड़कों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री, मंडल आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
