Chandauli News: सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई, मुकदमा दर्ज फिर भी आरोपी खुलेआम, पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

Chandauli News: सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई, मुकदमा दर्ज फिर भी आरोपी खुलेआम, पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

रिपोर्टर शिवम् विश्वकर्मा,  जिला -चंदौली

Chandauli News: चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के कमती बाजार में दुकानदार के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित पक्ष में भय और असुरक्षा का माहौल है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई की देर शाम कमती बाजार निवासी दुकानदार गणेश यादव अपनी इलेक्ट्रॉनिक और कबाड़ की दुकान पर मौजूद थे। आरोप है कि सरगुजरिया गांव के पिंटू यादव, पंकज यादव, अमन यादव और आलेक यादव दुकान में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर चारों ने लात-घूंसों और डंडों से गणेश यादव की पिटाई कर दी, जिससे उन्हें कई जगह गंभीर चोटें आईं। इस दौरान आरोपियों ने उनका स्मार्टफोन भी सड़क पर पटककर तोड़ दिया।

मारपीट की पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित की तहरीर पर 6 जुलाई को बबुरी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

पीड़ित गणेश यादव का कहना है कि घटना के कई दिन बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे उनका परिवार दहशत में है और उन्हें दोबारा किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, बबुरी थानाध्यक्ष किशोर चौबे ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धारा में चालान किया गया है। साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी चल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )