
Chandauli News: ‘शिक्षा के मंदिर’ तक कीचड़ भरा रास्ता! चंदौली के हड़ीका विद्यालय की तस्वीरों ने उठाए बड़े सवाल
लोकेशन- चंदौली
रिपोर्टर- शिवम् विश्वकर्मा
Chandauli News: चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के हड़ीका गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने वाले मासूम बच्चों को हर दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय तक जाने के लिए कोई पक्का रास्ता नहीं है। बारिश के दिनों में बच्चे कीचड़ और पानी के बीच से स्कूल पहुंचते हैं। कई बच्चे अपनी साइकिल कंधे पर उठाकर स्कूल जाने को मजबूर हैं।
विद्यालय में बाउंड्री वॉल नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था भी भगवान भरोसे है। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल का नल की टोटी, रेलिंग और पानी की टंकी भी गायब हो चुकी है। आवारा पशु, कुत्ते और जहरीले कीड़ों का खतरा भी बच्चों पर बना रहता है।
इस मामले में जब खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) राजेश चतुर्वेदी से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी और एसडीएम को पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन निर्माण कार्य कब शुरू होगा, इसकी जानकारी फिलहाल उनके पास भी नहीं है।
वहीं, इस संबंध में चंदौली एसडीएम से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब शिक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, तो आखिर हड़ीका गांव के इन मासूम बच्चों को सुरक्षित रास्ता और बुनियादी सुविधाएं कब मिलेंगी?
