
Chandauli News: चंदौली के दिघवट गांव में बदहाल सड़क और नाली व्यवस्था पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, नई इंटरलॉकिंग सड़क धंसने का आरोप, जांच की मांग
Chandauli News: बबुरी थाना क्षेत्र के दिघवट गांव में ग्रामीण वर्षों से बदहाल सड़क और नाली की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब पांच वर्षों से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण मलबा जमा है, जिससे सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। बारिश के दौरान लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुगलसराय विधायक प्रतिनिधि द्वारा करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक की लागत से बनी इंटरलॉकिंग सड़क का दो दिन पहले उद्घाटन हुआ था, लेकिन महज 15 दिनों के भीतर ही सड़क धंसने लगी। इसे लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सड़क की भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। उनके अनुसार, जहां सड़क 12 फीट चौड़ी बननी चाहिए थी, वहां केवल लगभग 6 फीट चौड़ी सड़क बनाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के सांसद से संपर्क करना मुश्किल है और उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने ग्राम प्रधान ओमप्रकाश से समस्या के समाधान की मांग की तो उन्हें बजट न होने की बात कही गई।
अब ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अतिक्रमण हटाने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके दावों पर आधारित है। संबंधित अधिकारियों या जनप्रतिनिधियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
रिपोर्टर- शिवम् विश्वकर्मा
जिला – चंदौली
