
Lucknow News: विधानसभा के बाहर सपा का प्रदर्शन, बुलडोजर कार्रवाई और सोनम वांगचुक मुद्दे पर सरकार को घेरा
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अपने हाथों में प्रतीकात्मक बुलडोजर लेकर पहुंचे और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ दिल्ली के जंतर-मंतर से पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हटाए जाने का विरोध जताया।
सपा कार्यकर्ताओं ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए बुलडोजर की कार्रवाई का इस्तेमाल कर रही है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों की आवाज को दबाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर की जा रही कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है, जबकि सोनम वांगचुक के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

प्रदर्शन के दौरान विधानसभा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल पहले से ही मौके पर तैनात था। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद कई सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों के जरिए इको गार्डन भेज दिया गया।
हिरासत में लिए जाने के दौरान कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। उनका कहना था कि वे लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए किसी भी प्रकार के अनधिकृत प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा गया।
