
Ghaziabad Fire: साहिबाबाद साइट-4 में फर्नीचर शोरूम और गोदाम में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियां मौके पर!
Ghaziabad Fire: गाजियाबाद के साहिबाबाद साइट-4 इलाके में आज रविवार को एक फर्नीचर शोरूम और गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोरूम से उठती आग की लपटें और धुएं का घना गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। आग फर्नीचर के शोरूम और उससे जुड़े गोदाम में लगी थी, जो कुछ ही देर में तेजी से फैल गई। गोदाम में फर्नीचर और बड़ी मात्रा में अन्य सामान रखा हुआ था, जिसके चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की 8 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फायरकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे।
गोदाम में रखे फर्नीचर की वजह से आग को कंट्रोल करने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम अलग-अलग हिस्सों से आग पर काबू पाने के लिए पहुंची, ताकि आसपास की दूसरी दुकानों या प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोका जा सके। आग की लपटों और धुएं को देखते हुए आसपास मौजूद लोगों में भी चिंता का माहौल बना रहा। मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही।
आग से शोरूम और गोदाम में रखा फर्नीचर समेत अन्य सामान प्रभावित हुआ है। हालांकि आग से कुल कितने सामान का नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि साहिबाबाद फायर स्टेशन को रविवार सुबह करीब 11:30 बजे प्राइम फर्नीचर के शोरूम और गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही साहिबाबाद फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। आग की स्थिति को देखते हुए वैशाली और कोतवाली फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। कुल आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। सीएफओ के अनुसार, प्राइम फर्नीचर में फर्नीचर का शोरूम होने के साथ-साथ गोदाम और फर्नीचर निर्माण का काम भी होता है। शोरूम के पिछले हिस्से में बने गोदाम की पहली और दूसरी मंजिल पर आग लगी थी। दमकल टीम ने पहले ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग को बुझाया। इसके बाद पहली मंजिल की आग पर भी काबू पा लिया।
राहुल पाल ने बताया कि रविवार होने के कारण शोरूम बंद था। आग शोरूम के सामने वाले हिस्से तक नहीं पहुंची और मुख्य शोरूम का अगला हिस्सा सुरक्षित रहा, जबकि पीछे बने गोदाम में रखा लकड़ी का सामान और अन्य वुडन ,प्लाई मटेरियल आग की चपेट में आया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी कूलिंग का काम पूरा होने के बाद किया जाएगा।
