
UP News: प्रयागराज नगर निगम द्वारा ‘जहाँ स्वच्छता वहीं ईश्वर’ अभियान के तहत डी.पी. गर्ल्स इंटर कॉलेज में स्वच्छता, प्रदूषण मुक्त एवं पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न
रिपोर्ट -पंकज गुप्ता
UP News: प्रयागराज। प्रयागराज नगर निगम द्वारा संचालित “जहाँ स्वच्छता वहीं ईश्वर” एवं “स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत डी.पी. गर्ल्स इंटर कॉलेज, प्रयागराज में स्वच्छता जागरूकता, प्रदूषण मुक्त वातावरण तथा पौधारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नगर निगम की टीम ने बच्चों को अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का महत्व समझाया। छात्राओं ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ कार्यक्रम में भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रंजना पाण्डेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वच्छता केवल अच्छे स्वास्थ्य का आधार ही नहीं, बल्कि श्रेष्ठ विचारों और संस्कारों की भी पहचान है। जहाँ स्वच्छता होती है, वहीं ईश्वर का वास होता है।” उन्होंने सभी छात्राओं से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
नगर निगम की टीम ने शिक्षिकाओं एवं छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आम, अमरूद एवं जामुन के पौधे लगाए गए। सभी ने इन पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्ध मूंछ नर्तक श्री राजेंद्र कुमार तिवारी ‘दुकान’ एवं उनकी टीम रही। उन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और प्रेरक संदेशों के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर नगर निगम की टीम, विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएँ, स्टाफ एवं छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और कार्यक्रम को सफल बनाया। अंत में विद्यालय की प्रवक्ता सीमा गुप्ता ने सभी अतिथियों, नगर निगम की टीम तथा विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
