UP News: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ‘तनाव प्रबंधन और शैक्षणिक गुणवत्ता’ पर आचार्य प्रशिक्षण संपन्न

UP News: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ‘तनाव प्रबंधन और शैक्षणिक गुणवत्ता’ पर आचार्य प्रशिक्षण संपन्न

रिपोर्ट -अंबुज श्रीवास्तव

UP News: प्रयागराज। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सर्वोदय नगर में शिक्षकों के लिए ‘तनाव प्रबंधन के साथ शैक्षणिक गुणवत्ता’ विषय पर एक विशेष आचार्य प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आचार्यों को मानसिक रूप से तनावमुक्त रखते हुए शिक्षण की गुणवत्ता को अधिक प्रभावी, रचनात्मक एवं छात्र-केंद्रित बनाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोविज्ञानशाला, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की प्रवक्ता प्रीती जायसवाल एवं अनामिका सिंह उपस्थित रहीं। दोनों विशेषज्ञों ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में आचार्यों को तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन, समय प्रबंधन तथा सकारात्मक कार्यशैली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

प्रशिक्षकों ने अपने संबोधन में बताया कि वर्तमान समय में शिक्षकों पर बढ़ते कार्यभार और मानसिक दबाव के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ध्यान (मेडिटेशन), समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को तनाव से मुक्ति के प्रभावी उपाय बताते हुए कहा कि एक तनावमुक्त, प्रसन्नचित्त और ऊर्जावान शिक्षक ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रचनात्मक एवं प्रेरणादायी शिक्षा प्रदान कर सकता है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेशचन्द्र तिवारी एवं विद्वत् परिषद प्रमुख सतीश कुमार गुप्त के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिक्षकों के व्यक्तित्व एवं शिक्षण कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी आचार्यों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों को अपने दैनिक शिक्षण कार्य में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ऐसे प्रशिक्षणों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )