
Mirzapur News: दुर्गा पूजा, रामलीला और मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट !
जिला- मिर्जापुर
रिपोर्टर- शीतला प्रसाद बिंद
Mirzapur News: आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला एवं मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक कर दुर्गा पूजा पंडाल एवं रामलीला आयोजकों सहित संभ्रांत नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
बैठक में थाना क्षेत्रवार आयोजकों से उनकी समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा पंडाल और रामलीला आयोजकों से अपील की कि कार्यक्रम के दौरान मादक पदार्थों एवं नशे का सेवन न किया जाए। साथ ही अश्लील गाने न बजाए जाएं और धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखी जाए।
मूर्ति विसर्जन को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। आयोजकों से कहा गया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं और निर्धारित सुरक्षित स्थल पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें। प्रतिमाओं का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए और उन्हें मानक से अधिक ऊंचा न बनाया जाए।
प्रशासन ने आयोजकों से अपील की कि दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
