Balrampur News: यूपी में घने कोहरे का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 5 युवकों की मौत, 2 गंभीर !

Balrampur News: यूपी में घने कोहरे का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 5 युवकों की मौत, 2 गंभीर !

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर 18 नवंबर की रात करीब 11 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कोहरे के बीच दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, घने कोहरे के कारण सड़क पर विजिबिलिटी काफी कम थी। इसी दौरान टीवीएस स्पोर्ट और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की चपेट में कुछ पैदल राहगीर भी आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

पांच युवकों की मौत, दो की हालत गंभीर

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान (18), सलीम (20), रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) के रूप में हुई है। वहीं, बड़हरा खुर्द निवासी मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही उतरौला पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

हादसे में पांच युवकों की मौत की सूचना मिलते ही बलरामपुर के एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल से दो क्षतिग्रस्त हेलमेट समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

बलरामपुर में हुए इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने अधिकारियों से पीड़ित परिवारों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )