Bihar News: बिहार में भीषण सड़क हादसा, नहर में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत, चार नाबालिग शामिल !

Bihar News: बिहार में भीषण सड़क हादसा, नहर में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत, चार नाबालिग शामिल !

Bihar News: बिहार के अररिया जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नहर में जा गिरी। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 6 की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद सुपौल जिले के थुमहा गांव में मातम पसरा हुआ है।

तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे सिकटी के भपटीया में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के पास अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे मरिया नहर में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

जेसीबी की मदद से नहर से निकाली गई स्कॉर्पियो

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने रस्सी की मदद से नहर में डूबी स्कॉर्पियो को बांधा। बाद में पुलिस प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद जेसीबी की मदद से वाहन को नहर से बाहर निकाला गया। कार से सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।

मृतकों में चार नाबालिग, गांव में पसरा मातम

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), यश कुमार (16), आर्यन (15) और सौरभ (15) के रूप में हुई है। सभी मृतक सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे। मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं।

एक साथ छह लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। जिस घर में तिलक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )