
Raebareli News: कनावा में गरीब का आशियाना ढहा, परिवार मलबे में रहने को मजबूर !
Raebareli News: जिला रायबरेली के बछरावां तहसील क्षेत्र के कनावा गांव में बारिश के बाद गरीब परिवार के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया है। सितंबर में हुई मूसलाधार बारिश के दौरान गांव निवासी हिमांशु की पत्नी संगीता देवी उर्फ सुनीता का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद से परिवार के सिर पर पक्की छत नहीं है।
संगीता देवी अपने दो मासूम बच्चों के साथ टूटे मकान के मलबे और क्षतिग्रस्त दीवारों के बीच रहने को मजबूर हैं। परिवार के मुताबिक, रात के समय जहरीले कीड़ों का खतरा बना रहता है। वहीं, जर्जर दीवारों के और गिरने की आशंका से भी परिवार दहशत में है।

अधिकारी पहुंचे, लेकिन मदद का इंतजार
ग्रामीणों की सूचना पर तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ मंत्री और क्षेत्रीय विधायक भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि निरीक्षण के बावजूद अब तक उसे तत्काल आर्थिक सहायता, आवास या अन्य ठोस मदद नहीं मिल सकी है।
पीएम आवास योजना पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी आवास योजनाओं के दावों के बावजूद एक गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। पीड़िता ने जिलाधिकारी रायबरेली से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जर्जर मलबे के बीच अपने बच्चों के साथ रह रही संगीता देवी को प्रशासन की मदद कब मिलेगी?
जिला- रायबरेली
रिपोर्टर- सोनी कुमारी
