
Bhavnagar News: भावनगर में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में घुसी बोलेरो; छह की मौत, एक गंभीर !
Bhavnagar News: गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भावनगर के पास त्रापज के नजदीक हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड से जुड़े थे मृतक
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के दो अलग-अलग प्लॉट में स्टाफ के रूप में काम करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विजयभाई, साधुभाई, जिग्नेशभाई, भार्गवभाई, हिरेनभाई और योगेशभाई के रूप में हुई है।
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
हादसे में जयेशभाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें भावनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
फिलहाल जयेशभाई का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
छह शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बोलेरो तेज रफ्तार में थी और त्रापज के पास आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं और छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अब हादसे की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
