Lucknow News: लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में भीषण आग, तीन मंजिला बिल्डिंग जलकर खाक; 2 मजदूर घायल

Lucknow News: लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में भीषण आग, तीन मंजिला बिल्डिंग जलकर खाक; 2 मजदूर घायल

Lucknow News: लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 6:30 बजे लेबर कैंप में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीन मंजिला बिल्डिंग इसकी चपेट में आ गई। आग से उठता धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। एक मजदूर आग की चपेट में आने से झुलस गया, जबकि दूसरा दूसरी मंजिल से नीचे कूदने के कारण चोटिल हुआ।

बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह एयरपोर्ट टर्मिनल से करीब 250 से 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। मजदूरों के रहने के लिए यह अस्थायी कैंप पीवीसी यानी प्लास्टिक सामग्री से बनाया गया था। प्लास्टिक से बने होने के कारण आग ने बेहद तेजी से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।

इस बिल्डिंग में कुल 33 छोटे कमरे थे, जिनमें करीब 300 मजदूर रहते थे। ये मजदूर एयरपोर्ट परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं।

हालांकि, राहत की बात यह है कि आग लगने की घटना का विमानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )