Chandauli News: भेड़ाफार्म के पास लकड़बग्घा दिखने का वीडियो वायरल, ग्रामीणों में दहशत !

Chandauli News: भेड़ाफार्म के पास लकड़बग्घा दिखने का वीडियो वायरल, ग्रामीणों में दहशत !

Chandauli News: चंदौली के वनांचल क्षेत्र नौगढ़ के भेड़ाफार्म के समीप लकड़बग्घा दिखाई देने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लकड़बग्घा चट्टानों और जंगल के आसपास घूमता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों के मुताबिक, भेड़ाफार्म आबादी वाले क्षेत्र से अधिक दूर नहीं है। यहां सुबह और शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवक टहलने और खेलकूद के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में लकड़बग्घे के दिखाई देने की खबर से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ ही लोगों को सतर्क करने की मांग की है।

वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन्यजीव आबादी वाले इलाके की ओर बढ़ता है तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी लोग चिंतित हैं।

इस संबंध में रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि जंगलों में लकड़बग्घा जैसे वन्यजीवों का विचरण सामान्य प्रक्रिया है। वन्यजीव भोजन और पानी की तलाश में जंगल के अलग-अलग हिस्सों में घूमते रहते हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी व्यक्ति या पशु पर हमले की सूचना नहीं मिली है।

रेंजर ने ग्रामीणों से अनावश्यक रूप से भयभीत न होने की अपील करते हुए सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने लोगों को अकेले जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी। वन विभाग की टीम क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है।

लोकेशन- नौगढ़ ( चंदौली )
संवाददाता- विशाल गुप्ता

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )