Aligarh News: सस्पेंशन के पांच दिन बाद दारोगा की मौत, पुलिस महकमे में शोक !

Aligarh News: सस्पेंशन के पांच दिन बाद दारोगा की मौत, पुलिस महकमे में शोक !

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 27 साल के सब इंस्पेक्टर सुंदरम तिवारी की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में शोक है। बुधवार सुबह बन्नादेवी थाना क्षेत्र के चूहरपुर मोहल्ले में किराए के मकान में दारोगा का शव मिला है। सुंदरम पुलिस लाइन में तैनात थे। पांच दिन पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था।

सुंदरम के पिता श्रीचंद तिवारी का कहना है कि वीडियो वायरल होने और निलंबन के बाद से बेटा तनाव में था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि सुंदरम की मौत की वजह क्या थी। मामले की जांच की जा रही है। सुंदरम तिवारी 2023 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के रहने वाले सुंदरम अलीगढ़ में अपने पिता के साथ रह रहे थे। करीब पांच दिन पहले कचहरी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में सुंदरम कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते दिखे थे। इसके बाद विभाग ने सस्पेंड कर दिया था। सुंदरम के पिता का कहना है कि इस घटना के बाद से उनका बेटा परेशान था।

पिता श्रीचंद तिवारी के मुताबिक, बुधवार सुबह वह मंदिर गए थे। जब वापस लौटे तो सुंदरम के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो अंदर सुंदरम का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही SSP नीरज कुमार जादौन, SP सिटी आदित्य बंसल और CO धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई।

SP सिटी आदित्य बंसल के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मौत की वजह साफ नहीं है।

वायरल वीडियो और निलंबन की भी जांच होगी?

सुंदरम की मौत के बाद उनके वायरल वीडियो और निलंबन से जुड़ा मामला भी चर्चा में है। पिता ने बेटे के तनाव में होने की बात कही है। लेकिन मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )