Lucknow University Students Protest: लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग !

Lucknow University Students Protest: लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग !

Lucknow Universty Students Protest: लखनऊ विश्वविद्यालय में विभिन्न छात्र संगठनों ने एकजुट होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उग्र विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान छात्रों ने उनका पुतला फूंका और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

विश्वविद्यालय के गेट नंबर 3 पर विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे। इसके बाद छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप था कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता खतरे में है और चुनाव आयोग निष्पक्ष आचरण करने में विफल साबित हो रहा है।

प्रदर्शन में शामिल छात्र नेता आर्यन ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों की जवाबदेही जनता और लोकतंत्र के प्रति होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मौजूदा कार्यशैली से आम नागरिकों और युवाओं का विश्वास डगमगाया है। आर्यन ने मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की।

प्रदर्शनकारी छात्रा प्रिया ने कहा कि विश्वविद्यालय हमेशा से देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की आवाज रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश की शीर्ष संस्थाएं संदेह के घेरे में आ जाएं तो युवा चुप नहीं बैठ सकते। प्रिया के मुताबिक, छात्रों की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि संस्थाओं की स्वायत्तता और पारदर्शिता को बचाने के लिए है।

पुलिस और छात्रों के बीच नोकझोंक

गेट नंबर 3 पर बढ़ते तनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जला दिया।

पुतला दहन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारी छात्रों को जबरन बसों में बैठाकर हिरासत में ले लिया गया।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )