
Bihar news: सहरसा में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से ज्यादा बच्चे बीमार, मचा हड़कंप
Bihar news: बिहार के सहरसा जिले के महिषी प्रखंड में एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। खाना खाने के कुछ देर बाद 250 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी। इसके बाद स्कूल और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी बीमार बच्चों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल और फिर सहरसा अस्पताल पहुंचाया गया।
खाने में सांप मिलने का आरोप
घटना के बाद अभिभावकों ने आरोप लगाया कि मिड-डे मील में सांप मिला था. एक अभिभावक ने बताया कि उनका बच्चा स्कूल से घर पहुंचा और उसने खाने में सांप मिलने की बात कही। यह खबर फैलते ही गांव के लोग स्कूल पहुंच गए।
अभिभावक के मुताबिक, स्कूल के ऑफिस में रखी खाने की प्लेट में बड़ा सांप पड़ा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने दावा किया कि सांप तेलिया प्रजाति का लग रहा था। यह दृश्य देखकर बच्चे डर गए और कई बच्चे घबराकर बेहोश तक हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 50 से 60 बच्चों को तेज पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
महिषी में बेहतर इलाज की सुविधा नहीं होने के कारण कई परिवार अपने स्तर पर बच्चों को लेकर सहरसा पहुंचे। अस्पताल में भर्ती बच्चों का इलाज जारी है. डॉक्टरों की निगरानी में सभी बच्चों को दवा दी जा रही है। फिलहाल ज्यादातर बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अभिभावकों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मध्य विद्यालय बलुआ के छात्र मोहम्मद साहिद और मोहम्मद समीर के पिता मोहम्मद शफीक ने बताया कि उनके बेटे, भतीजे और रिश्तेदारों के बच्चे भी बीमार हुए हैं। उन्होंने कहा कि इलाके के लगभग सभी बच्चे किसी न किसी तरह प्रभावित हुए है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में साफ तौर पर लापरवाही हुई है। हालांकि सहरसा अस्पताल में इलाज और सुविधाएं ठीक मिल रही हैं, लेकिन स्कूल में भोजन की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
