
Delhi NCR Air Pollution: दिल्ली-NCR में जहरीली हवा का कहर, धनतेरस की सुबह घने स्मॉग से ढकी राजधानी !
Delhi NCR Air Pollution: धनतेरस के दिन शुक्रवार, 6 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR) की सुबह जहरीली हवा और घने स्मॉग के बीच हुई। राजधानी दिल्ली से लेकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक वायु प्रदूषण (Air Pollution) ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 700 के पार पहुंच गया है।
सबसे खराब स्थिति ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 में दर्ज की गई, जहां AQI 773 तक पहुंच गया। सुबह से ही आसमान में धुंध और स्मॉग (Smog) की मोटी चादर छाई रही, जिससे लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो रही है।
Delhi में कहां कितना पहुंचा AIQ?
दिल्ली में शुक्रवार सुबह समग्र एक्यूआई 672 दर्ज किया गया। राजधानी के पुठ खुर्द में एक्यूआई 712, सोनिया विहार में 711 और झंडेवालान में 702 तक पहुंच गया। वहीं, विवेक विहार में 677, आनंद विहार में 663, खेरा डाबर में 688 और आरके पुरम में 649 दर्ज किया गया।
इसके अलावा पर्यटन विहार और रबीन्द्र नगर में एक्यूआई 694 रहा, जबकि नवनवीन विहार में 678 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से राजधानी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति सामने आई है।
ग्रेटर नोएडा में AQI 773
नोएडा और ग्रेटर नोएडा (Noida Greater Noida Pollution) में भी हवा बेहद खराब बनी हुई है। नोएडा का समग्र एक्यूआई 684 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 में यह 773 और ओमिक्रोन-1ए में 736 तक पहुंच गया। वहीं, नोएडा के सेक्टर-29 और सेक्टर-36 में एक्यूआई 686 दर्ज किया गया।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम पूर्वानुमान (Weather Forecast) के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने और धूप निकलने के बावजूद प्रदूषण के कारण धुंधलापन बना हुआ है।
एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटी, उड़ानों पर कितना असर?
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर शुक्रवार सुबह रनवे की दृश्यता (Visibility) 1300 से 1700 मीटर के बीच दर्ज की गई। वहीं, सामान्य दृश्यता करीब 1000 मीटर रही। राहत की बात यह है कि फिलहाल उड़ानों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
बढ़ते प्रदूषण से आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी बढ़ रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर सुबह के समय घर से बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। प्रशासन भी प्रदूषण की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
