Kulgam Terror Attack: कुलगाम आतंकी हमले में बड़ा खुलासा, जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट भेद गईं आर्मर-पियर्सिंग गोलियां !

Kulgam Terror Attack: कुलगाम आतंकी हमले में बड़ा खुलासा, जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट भेद गईं आर्मर-पियर्सिंग गोलियां !

Kulgam Terror Attack: दक्षिण कश्मीर के आखरन-नौपुरा, कुलगाम में बुधवार को एक आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए थे ।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ (CRPF) के नाके पर हुए आतंकी हमले को लेकर शुरुआती जांच में एक गंभीर खुलासा हुआ है। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आतंकवादियों ने जवानों पर हमला करने के लिए कथित तौर पर स्टील बुलेट्स या आर्मर-पियर्सिंग गोलियों (Armor-Piercing Bullets) का इस्तेमाल किया।

ये गोलियां सामान्य कारतूसों की तुलना में सुरक्षा कवच को भेदने की क्षमता रखती हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों की गोलियां ड्यूटी पर तैनात जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट (Bulletproof Jacket) को भी भेद गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

AK-47 से हमले के भी मिले संकेत

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, शुरुआती फॉरेंसिक (Forensic) और बैलिस्टिक जांच (Ballistic Investigation) में हमले के दौरान एके-47 (AK-47) राइफल के इस्तेमाल के संकेत भी मिले हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आर्मर-पियर्सिंग गोलियों के इस्तेमाल को लेकर अभी जांच जारी है। अंतिम पुष्टि विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

इस खुलासे ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि जवानों के पास मौजूद सुरक्षा उपकरणों को भेदने में सक्षम गोलियों का इस्तेमाल सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

क्या होती हैं आर्मर-पियर्सिंग गोलियां?

आर्मर-पियर्सिंग बुलेट्स (Armor-Piercing Bullets) खास तरह के कारतूस होते हैं, जिन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट, बख्तरबंद वाहनों और अन्य सुरक्षा कवच को भेदने के उद्देश्य से बनाया जाता है। सामान्य गोलियों की तुलना में इनमें अधिक कठोर धातु की कोर का इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि ये कुछ प्रकार के सुरक्षा कवच को नुकसान पहुंचाने या उन्हें भेदने में सक्षम होती हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे कारतूसों के इस्तेमाल के मामले

कश्मीर घाटी में इससे पहले भी कुछ आतंकी हमलों के दौरान अत्याधुनिक और घातक कारतूसों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आती रही है। कुलगाम हमले की शुरुआती जांच में मिले ताजा संकेतों के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं।

इसके साथ ही सुरक्षा बलों के मौजूदा सुरक्षा उपकरणों और ऑपरेशनल प्रोटोकॉल (Operational Protocol) की समीक्षा किए जाने की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले में इस्तेमाल किए गए कारतूस कहां से आए और आतंकियों तक उनकी पहुंच कैसे हुई।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )